सेन थॉम एकेडमी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

सेन थॉम एकेडमी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

सेन थॉम एकेडमी, भोपाल रोड में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं उल्लास के साथ विद्यालय के सभागार में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. शशिकला यादव, योग, आहार एवं नैचुरोपैथी विशेषज्ञ, के स्वागत से हुआ। उनका स्वागत विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती हैन्सी थॉमस ने किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया, जिसके पश्चात माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का देशवासियों के नाम संबोधन प्रसारित किया गया। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (2026) की आधिकारिक वैश्विक थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) है। अपने संबोधन में माननीय प्रधानमंत्री ने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की दैनिक जीवनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति 40 वर्ष की आयु में भी लचीला तथा 50 वर्ष की आयु में भी ऊर्जावान बना रह सकता है। इसके उपरांत सभी प्रतिभागियों ने विशेषज्ञ के मार्गदर्शन में कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया।

विद्यालय परिसर में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. शशिकला यादव ने योग के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्टाफ सदस्यों को विभिन्न योगाभ्यास करवाए तथा स्वास्थ्य एवं योग से संबंधित उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए उन्होंने प्रतिदिन कम-से-कम 20 मिनट योग करने तथा नियमित अभ्यास के माध्यम से शरीर के विभिन्न अंगों पर नियंत्रण एवं उन्हें सशक्त बनाने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थितजनों के इस संकल्प के साथ हुआ कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाएंगे।

इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष श्री सुनील थॉमस एवं प्राचार्य श्री पुनीत उपाध्याय भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती निपुणिका शर्मा ने किया तथा श्रीमती शिवांजली नायर ने आभार प्रदर्शन किया।

 

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top