देवास में सजेगा मराठी संस्कृति का महाकुंभ: 27 फरवरी से बृहन्महाराष्ट्र मंडल का 74वां वार्षिक अधिवेशन
देवास/ मोहन वर्मा । माँ तुलजा – माँ चामुण्डा की पावन नगरी देवास आगामी 27 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक मराठी संस्कृति के विराट उत्सव की साक्षी बनेगी। बृहन्महाराष्ट्र मंडल, नई दिल्ली के गौरवशाली 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संस्था का 74वां वार्षिक अधिवेशन एवं साधारण सभा इस वर्ष मालवा की धरती पर आयोजित किया जा रहा है। आयोजन की मेजबानी महाराष्ट्र समाज, देवास द्वारा की जा रही है। यह अधिवेशन महाराष्ट्र के बाहर जीवंत ‘मराठी अस्मिता’ के उत्सव के रूप में देखा जा रहा है।
उद्घाटन समारोह 28 फरवरी को
अधिवेशन का औपचारिक उद्घाटन 28 फरवरी, शनिवार को प्रातः 10:30 बजे होगा। मुख्य अतिथि के रूप में सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी तथा विधायक गायत्रीराजे पवार उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में प्रख्यात कलाकार अशोक समेळ और स्वानंद किरकिरे विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला
अधिवेशन के अंतर्गत तीन दिनों तक विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 27 फरवरी को ‘शब्दस्वरांचा सुवर्ण प्रवास’ के माध्यम से मराठी भाषा गौरव दिवस पर ख्यात कवियों की रचनाओं का गायन एवं पाठ होगा। 28 फरवरी को प्रातः 8 बजे ‘निर्मळ निर्गुण’ में पं. कुमार गंधर्व के पौत्र पं. भुवनेश कोमकली निर्गुण भजनों की प्रस्तुति देंगे। दोपहर 1:30 बजे ‘काव्य संगम’ में द्विभाषी कवियों का काव्य पाठ होगा। इसके बाद 2:30 बजे ‘मुक्त संवाद’ में अशोक समेळ और स्वानंद किरकिरे के साथ विशेष साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। सायं 5 बजे मुख्य अधिवेशन स्थल से महाराष्ट्र समाज तक ‘मराठी गौरव शोभायात्रा’ निकाली जाएगी, जो महाराष्ट्र की शौर्य गाथा और सांस्कृतिक वैभव को प्रदर्शित करेगी। शाम 6 बजे ‘भक्तिरंग’ कार्यक्रम में सुपरस्टार छोटे उस्ताद विजेता राजयोग धुरी संतों के अभंग एवं भजनों की प्रस्तुति देंगे।
1 मार्च को होगा संगठनात्मक सत्र
1 मार्च, रविवार को वार्षिक साधारण सभा आयोजित की जाएगी। इसी दिन सत्र 2026-2029 के लिए नई कार्यकारिणी के निर्वाचन हेतु मतदान एवं चुनाव प्रक्रिया संपन्न होगी। अधिवेशन के मुख्य कार्यक्रम देवास मंडी व्यापारी एसोसिएशन धर्मशाला (मुख्य बस स्टैंड के सामने) में आयोजित होंगे, जबकि ‘भक्तिरंग’ का विशेष आयोजन महाराष्ट्र समाज के राजकवि श्री गोविंदराव झोकरकर स्मृति सभागार में किया जाएगा। आयोजकों ने समस्त मराठी भाषी बंधुओं एवं सदस्यों से सहपरिवार इस ऐतिहासिक अवसर पर उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

