विंध्य पब्लिक स्कूल में गणतंत्र दिवस समारोह देशभक्ति के रंग में रंगा

देवास/मोहन वर्मा । विंध्य पब्लिक स्कूल, शिव शक्ति नगर, देवास में गणतंत्र दिवस समारोह अत्यंत गरिमामय एवं देशभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के पूजन, दीप प्रज्वलन एवं ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान के साथ राष्ट्र को सलामी देकर किया गया।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार,मोहन वर्मा अध्यक्ष, एक्ट ईव फाउंडेशन एवं सहज सरकार जन शिक्षक उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत विद्यालय के संचालक तरुण मिश्रा एवं प्रधानाध्यापिका सुश्री संतोष सिसोदिया द्वारा हार एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।

स्वागत उपरांत विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। विद्यालय के मार्गदर्शक श्री अरुण मिश्रा ने स्वागत भाषण देकर सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, लोकनृत्यों एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने नृत्य, समूहगान एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम, एकता एवं सामाजिक मूल्यों का प्रभावशाली संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान खेलकूद प्रतियोगिताओं, विज्ञान प्रदर्शनी एवं कक्षा-स्तरीय गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह का संचार हुआ।
विशेष अतिथि मोहन वर्मा ने अपने उद्बोधन में जल संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर बल देते हुए विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। वहीं मुख्य अतिथि सहज सरकार ने विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के उत्कृष्ट परिणामों के लिए बधाई देते हुए विद्यालय प्रबंधन को इस सफल आयोजन हेतु साधुवाद दिया।कार्यक्रम का संचालन श्रीमती दिव्या पांचाल एवं श्रीमती रोशनी वर्मा द्वारा किया गया। अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। यह समारोह विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक एवं स्मरणीय सिद्ध हुआ।

