अंधविश्वास की आड़ में तांत्रिक क्रिया का झांसा देकर सोने के आभूषण ठगने वाले 02 आरोपी गिरफ्तार
लगभग ₹ 03 लाख कीमत के सोने के आभूषण बरामद

देवास पुलिस द्वारा अंधविश्वास की आड़ में तांत्रिक क्रिया का झांसा देकर सोने के आभूषण ठगने वाले एक गिरोह को गिरफ्त में लिया है जिससे लगभग ₹ 03 लाख कीमत के सोने के आभूषण का 100% मश्रुका भी बरामद किया गया है
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने जानकारी में बताया कि दिनांक 30.08.2026 को फरियादिया गीता प्रजापत निवासी त्रिलोक नगर देवास ने थाना सिविल लाईन में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपियो ने घर की बाधा एवं तांत्रिक क्रिया से समस्या समाधान का झांसा देकर पहले ₹ 2,100/- लिए । इसके बाद घर पहुंचकर तांत्रिक क्रिया के नाम पर सोने के आभूषण लिए और लाल कपड़े की पोटली में बांधकर अगले दिन वापस करने का कहकर फरियादिया को बुलाया । फरियादिया द्वारा बताए स्थान मिश्रीलाल नगर पहुंचने पर आरोपियों ने कथित तांत्रिक क्रिया कर पोटली वापस कर दी। घर पहुंचकर पोटली खोलने पर सोने के आभूषण गायब मिले । मिश्रीलाल नगर वापस पहुंचने पर आरोपियों के यहां ताला लगा मिला । फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाईन में अपराध क्रमांक 482/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री गजेन्द्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक देवास श्री सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी सिविल लाईन श्री विजय सिंह लोधी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई । पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आरोपियों की गतिविधियों से संबंधित 200 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज का सूक्ष्मता से विश्लेषण किया गया तथा मुखबिर तंत्र सक्रिय कर अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई । CCTV कैमरों के फुटेज एवं विश्वसनीय मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम अहमदाबाद, गुजरात पहुंची बाद लगातार आगे बढ़ते हुए जिला पाली एवं जोधपुर, राजस्थान तक पहुंची । लगभग 3000 किलोमीटर की यात्रा करते हुए पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की पहचान कर उन्हें अभिरक्षा में लिया गया । पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम 01.प्रदीप पिता चंपालाल जोशी उम्र 36 वर्ष निवासी पिपाड़ शहर, जिला जोधपुर राजस्थान 02.विनोद कुमार पिता कैलाशचंद्र जोशी उम्र 42 वर्ष निवासी पिपाड़ शहर, जिला जोधपुर राजस्थान बताया । दोनों आरोपियों से पूछताछ एवं उनकी निशानदेही के आधार पर पुलिस टीम द्वारा पाली राजस्थान स्थित विनोद कुमार के घर से फरियादिया से धोखाधड़ी कर प्राप्त किए गए संपूर्ण सोने के आभूषण बरामद किए गए । प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है ।
गिरफ्तार आरोपी के नामः-
1. प्रदीप पिता चंपालाल जोशी उम्र 36 वर्ष निवासी पुलिस थाना के पास, चुनाभटिया बेरा, पिपाड़ शहर, जिला जोधपुर, राजस्थान। (पाली,राजस्थान से गिरफ्तार)
2. विनोद कुमार पिता कैलाशचंद्र जोशी उम्र 42 वर्ष निवासी टेलीफोन एक्सचेंज के पास, सिलारी रोड, पिपाड़ शहर, जिला जोधपुर, राजस्थान। (पिपाड़ शहर जोधपुर से गिरफ्तार)
जप्त मश्रुकाः-
• सोने के एक जोड़ी टॉप्स, एक जोड़ी कान की झुमकी, एक बड़ा मंगलसूत्र पेंडल, 02 छोटे मंगलसूत्र पेंडल एवं 18 मोती (पारा), 03 मोबाईल फोन सहित कुल ₹ 03 लाख का मश्रुका बरामद ।
सराहनीय कार्यः – उक्त सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी सिविल लाईन निरीक्षक विजय सिंह लोधी, उनि लोकेश कुशवाह, उनि संजय सौराष्ट्रीय, प्रआर पवन पटेल, सुनील देथलिया, आर हितेश कुशवाह एवं सायबर सेल देवास से प्रआर सचिन चौहान व शिवप्रताप सिंह सेंगर की विशेष योगदान रहा ।


