माता टेकरी के उपरी हिस्से में अचानक लगी आग

देवास/ मोहन वर्मा । श्रद्धा और आस्था के केंद्र मां चामुण्डा की पहाड़ी माता टेकरी के उपरी हिस्से में आज दिन में अचानक आग लग गई जिससे अफरातफरी का माहौल बन गया । पुलिस और प्रशासन को सूचना होने से तुरंत सक्रिय हुआ अमला टेकरी पहुँचा जिसमें एसडीएम अभिषेक शर्मा, तहसीलदार सपना शर्मा, सीएसपी अग्रवाल,थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी शामिल थे । हालांकि रपट मार्ग पर बड़े फायर टेंडर को पहुंचने में परेशानी रही और उपर पानी की कमी से सूखी घास तेज हवा के साथ आग पकड़ती रही मगर फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों और टेकरी पर उपस्थित अमले ने पूरी मुस्तैदी से आग पर समय रहते काबू पा लिया जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीँ हुआ ।
गर्मी की अधिकता और दोपहर होने के कारण बहुत श्रद्धालु न होने से आग पर समय रहते काबू पा लिया जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीँ हुआ ।
एसडीएम अभिषेक शर्मा ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटना की संभावना को देखते हुए उपर पानी की उपलब्धता के लिए छोटी-छोटी टंकियां बनाई जाएगी और सुनिश्चित किया जाएगा कि ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो ।

इधर कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा ने कहा कि माता टेकरी पर पेड़ पौधों को हरा भरा रखने के लिए पर्याप्त पानी के इंतजाम के साथ पूरी माता टेकरी पर ड्रिप सिस्टम के माध्यम से छोटे छोटे पाइपों का एक जाल बिछाया गया था जिसके माध्यम से पूरी टेकरी पर पौधों में पेड़ों में पानी पहुंच रहा था जिस कारण वहां की भूमि में नमी ( आंद्र ) होती थी लेकिन कुछ वर्षों से अनदेखी के चलते पूरा ड्रिप सिस्टम बिखर चुका है जिस कारण वहां की भूमि शुष्क हो गई जिससे भूमि की नमी खत्म हो गई । अब पेड़ पौधों की देखरेख को लेकर भी कोई विशेष इंतजाम नहीं है अगर समय रहते ड्रिप सिस्टम चालू होता और पौधों में पानी पहुंचता रहता तो वहां की भूमि मैं नमी होती जो आग रोकने का काम करती । पहले भी माता टेकरी पर आग़ लग चुकी है । इस संदर्भ में सुधीर शर्मा ने मांग की है किअभी भी समय हैं अगर ड्रिप सिस्टम को पूरी तरह से शुरू कर दिया जाए तो भविष्य में आग लगने की घटना को रोका जा सकता है वहीं पेड़ पौधों को भी हरा भरा रखने में कामयाबी मिलेगी।


