शिक्षण संगोष्ठी का आयोजन
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 पर गहन चर्चा का महाकुंभ

देवास। शिक्षा के क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत का संकेत देते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 क्रियान्वयन एवं चुनौतियां विषय पर केंद्रित वृहद स्तरीय शिक्षण संगोष्ठी का आयोजन 7 फरवरी 2026, शनिवार को सेन थॉम एकेडमी, भोपाल रोड देवास में, प्रातः 11.30 पर किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के नियम व उद्देश्यों, क्रियान्वयन और चुनौतियों पर गहन चिंतन होगा, जिसे शिक्षा जगत के लिए एक महाकुंभ के रूप में देखा जा रहा है। अशासकीय शिक्षण संस्था संचालक संघ के अध्यक्ष राजेश खत्री, उपाध्यक्ष सैयद मकसूद अली और सचिव दिनेश मिश्रा ने स्थानीय न्यू चिल्ड्रन होम स्कूल में प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि संगोष्ठी में राष्ट्रीय शिक्षा नीति की निर्माण समिति के प्रमुख, विचारक और शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास नई दिल्ली के राष्ट्रीय सचिव डॉ. अतुल कोठारी मुख्य वक्ता होंगे, जो अपने अनुभवों और विचारों से नीति के हर पहलू पर मार्गदर्शन देंगे। कार्यक्रम के बतौर मुख्य अतिथि प्रो. एस. के. जैन (कुलपति, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल), प्रो. देव आनन्द हिण्डोलिया (कुलपति, अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय, भोपाल) एवम ओम प्रकाश शर्मा (राष्ट्रीय संयोजक, आत्म निर्भर भारत, नई दिल्ली) होंगे, जो अपने उद्बोधन से शिक्षा के भविष्य को नई दिशा देंगे। संगोष्ठी में नीति से जुड़ी चुनौतियों को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिलेगा । कार्यक्रम में नगर के विद्यालयों, महाविद्यालयो, शिक्षा महाविद्यालयो, सामाजिक संगठन एवं शिक्षण संस्थान, के संचालक, प्राचार्य, संस्था प्रमुखों के साथ शिक्षाविद, साहित्यकार, पत्रकार व बुद्धिजीवी वर्ग उपस्थित होगा। सभी के मध्य विचारों का आदान-प्रदान होगा। इस शिक्षण संगोष्ठी में भाग लेकर शिक्षा नीति के विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों के विचार सुनने का मौका मिलेगा, जिससे शिक्षा जगत में सकारात्मक परिवर्तन के लिए नए विचार प्राप्त होंगे और भविष्य के शिक्षकों को अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने की प्रेरणा मिलेगी। संगोष्ठी न केवल एक चर्चा का मंच है, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और विकास के नए रास्ते खोलने का एक महत्वपूर्ण कदम भी है। उक्त जानकारी संगठन के मीडिया प्रभारी शकील कादरी, आदित्य दुबे, अबरार अहमद शेख ने संयुक्त रूप से दी

