नई दिल्ली में सम्मानित होंगें वरिष्ठ पत्रकार राजेश मालवीय देशभर के 500 प्रतिनिधियों की रहेगी सहभागिता    

नई दिल्ली में सम्मानित होंगें वरिष्ठ पत्रकार राजेश मालवीय  देशभर के 500 प्रतिनिधियों की रहेगी सहभागिता

देवास। देवास के लिए गौरव की बात है कि शहर के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी राजेश मालवीय को बहुजन साहित्य अकादमी द्वारा प्रतिष्ठित ‘डॉ. बी.आर. अंबेडकर राष्ट्रीय सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। नई दिल्ली में 15 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले बहुजन साहित्य अकादमी के 20वें राष्ट्रीय सम्मेलन में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। सामाजिक एवं साहित्यिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए मिलने वाला यह सम्मान देवास के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

बहुजन साहित्य अकादमी की ओर से आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 500 साहित्यकारों, लेखकों, कवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं संगठन के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। सम्मेलन में सामाजिक समानता, न्याय, साहित्यिक चेतना एवं बहुजन समाज के उत्थान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि छत्रपति टाईम्स के सम्पादक विगत कई दशकों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय है साथ ही उम्र के इस पड़ाव में भी छात्र बनकर एलएलएम की पढ़ाई कर रहे है । हंसमुख और मिलनसार मालवीय पत्रकार के साथ अभिभाषक और नोटरी की भूमिका में भी है ।

     बहुजन साहित्य अकादमी एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जो विश्व के 10 देशों और भारत के 28 राज्यों में सक्रिय रूप से कार्यरत है। संगठन साहित्यिक गतिविधियों के साथ सामाजिक जागरूकता एवं समानता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। अकादमी अब तक 19 राष्ट्रीय सम्मेलन सफलतापूर्वक आयोजित कर चुकी है। यह 20वां राष्ट्रीय सम्मेलन संगठन की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

संगठन का पहला अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 18 मई 2022 को भगवान गौतम बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी (नेपाल) में आयोजित हुआ था, जिसमें 10 देशों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की थी। इसके अतिरिक्त भारत के विभिन्न राज्यों में प्रतिवर्ष राज्य स्तरीय साहित्यिक सम्मेलन एवं विचार संगोष्ठियों का आयोजन किया जाता है।

बहुजन साहित्य अकादमी महात्मा ज्योतिराव फुले, डॉ. भीमराव अंबेडकर, कार्ल मार्क्स एवं मान्यवर कांशीराम के विचारों, सिद्धांतों और दर्शन से प्रेरित होकर सामाजिक समानता एवं न्याय की स्थापना के लिए कार्यरत है। संगठन साहित्यकारों, कवियों, लेखकों, कलाकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बुद्धिजीवियों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित कर उनके योगदान को प्रोत्साहित करता है।

हैदराबाद मुख्यालय वाली बहुजन साहित्य अकादमी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नल्ला राधाकृष्ण के नेतृत्व में भारत सहित अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

देवास के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी राजेश मालवीय को राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किए जाने की खबर से स्थानीय पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। 15 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top