प्रेस्टिज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च, देवास में ‘फ्यूचर-रेडी यूथ’ विषय पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित

देवास । प्रेस्टिज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च, देवास में “फ्यूचर-रेडी यूथ: एआई, टेक्नोलॉजी एंड ऑपर्च्युनिटीज बियॉन्ड कन्वेंशनल करियर्स” विषय पर विशेषज्ञ सत्र का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आधुनिक तकनीक एवं पारंपरिक करियर से परे उभरते रोजगार अवसरों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सुश्री मुस्कान खरे रहीं, जिन्हें सार्वजनिक वक्तृत्व, वाद-विवाद एवं युवा नेतृत्व के क्षेत्र में आठ वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे छह बार राष्ट्रीय स्तर की वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में विजेता रह चुकी हैं।

सत्र के दौरान विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं तकनीकी क्षेत्र में करियर की संभावनाओं, प्रभावी संवाद कौशल, व्यावसायिक वेशभूषा, शारीरिक हाव-भाव और व्यक्तित्व विकास के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही, साक्षात्कार, प्रस्तुतिकरण एवं कार्यस्थल पर सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक कौशलों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
संस्थान की आदरणीय निदेशक प्रो. (डॉ.) आशिमा जोशी के मार्गदर्शन में आयोजित इस सत्र में 120 से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का समन्वय सुश्री अर्चना राजपूत ने किया, जबकि सुश्री तुलजा कुमावत ने आभार प्रदर्शन किया।
इस विशेषज्ञ सत्र ने विद्यार्थियों को बदलते तकनीकी एवं व्यावसायिक परिदृश्य के अनुरूप स्वयं को तैयार करने, अपनी क्षमताओं को पहचानने और नवाचार तथा कौशल विकास के माध्यम से भविष्य के नए अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।


