आईआईटी दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स इंडिया यूथ कॉन्फ्रेंस-2026 के रिसर्च डायरेक्टर बने डॉ. एस. एम. अनस इक़बाल

इंदौर। वरिष्ठ शिक्षाविद् डॉ. एस. एम. अनस इक़बाल को ब्रिक्स इंडिया यूथ कॉन्फ्रेंस-2026 का डायरेक्टर (रिसर्च) नियुक्त किया गया है। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 14 सितंबर 2026 को आईआईटी दिल्ली, नई दिल्ली में आयोजित होगा।
सम्मेलन का विषय “From Strength to Strength: Youth Shaping the Future of BRICS” रखा गया है। इसमें भारत सहित ब्रिक्स देशों के युवा प्रतिनिधि, राजनयिक, नीति-निर्माता, शिक्षाविद्, रक्षा विशेषज्ञ, शोधकर्ता एवं उद्यमी वैश्विक सहयोग, युवा कूटनीति तथा भविष्य की नीतियों पर विचार-विमर्श करेंगे।
डॉ. इक़बाल सम्मेलन के शोध एवं अकादमिक कार्यों का नेतृत्व करेंगे। उनकी जिम्मेदारियों में सम्मेलन के शोध ढांचे का निर्माण, रिसर्च टीम का मार्गदर्शन, नीति-पत्र एवं बैकग्राउंड पेपर तैयार कराना, तकनीकी सत्रों की अकादमिक गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा सम्मेलन की अंतिम रिपोर्ट एवं अनुशंसाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाना शामिल है।
भारतीय मंथनम् रिसर्च विभाग के चीफ ऑफ स्टाफ मानव त्रिपाठी ने नियुक्ति पत्र जारी करते हुए कहा कि डॉ. इक़बाल का व्यापक शैक्षणिक एवं शोध अनुभव सम्मेलन की अकादमिक गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
डॉ. अनस इक़बाल की इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय नियुक्ति पर शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं एवं विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे इंदौर एवं मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।


