* 68 सड़क दुर्घटना पीड़ित परिवारों को देवास पुलिस प्रशासन ने दिलाई 61 लाख रुपये की राहत राशि
* हिट एंड रन योजना और राह वीर योजना में देवास बना प्रदेश में प्रथम
* घायल नागरिकों की जान बचाने वाले 4 नागरिक हुए सम्मानित

देवास/ सोमवार का दिन देवास के लिए सड़क सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक दिवस रहा। विगत एक वर्ष से कलेक्टर देवास श्री ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के संयुक्त नेतृत्व में माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सड़क दुर्घटनाओं में कमी एवं मृत्यु पर अंकुश लगाने संबंधी निर्देशों के पालन हेतु व्यापक कार्ययोजना बनाकर लगातार कार्य किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा परिवहन विभाग, ट्रैफिक पुलिस, जिला पुलिस, स्वास्थ्य विभाग एवं राजस्व विभाग के मध्य सतत समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन का स्वरूप दिया गया। प्रत्येक सड़क दुर्घटना में मृत्यु को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एसडीओपी द्वारा मौके पर पहुँचकर विस्तृत विश्लेषणात्मक रिपोर्ट तैयार की गई, जिनका प्रति माह आयोजित रोड सेफ्टी समीक्षा बैठकों में गहन परीक्षण किया गया।
रोड इंजीनियरिंग सुधारों हेतु NHAI, PWD एवं MPRDC द्वारा दुर्घटना संभावित स्थलों पर त्वरित कार्यवाही की गई। वहीं पुलिस द्वारा आमजन को सरल भाषा में चेतावनी बोर्डों के माध्यम से जागरूक किया गया, गाँव-गाँव चौपाल आयोजित कर हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया तथा हजारों हेलमेट निशुल्क वितरित किए गए।
इन समन्वित एवं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप वर्ष 2026 में देवास जिले में वर्ष 2025 की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में रिकॉर्ड 18% की कमी एवं मृत्यु में ऐतिहासिक 25% की कमी दर्ज की गई।
*राह वीर योजना में भी देवास अग्रणी*
अनेक सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु केवल इसलिए हो जाती है क्योंकि घायलों को समय पर अस्पताल नहीं पहुँचाया जाता। इसे ध्यान में रखते हुए गोल्डन ऑवर में घायल नागरिकों की सहायता कर उन्हें अस्पताल पहुँचाने वाले नेक नागरिकों को चिन्हित किया गया तथा 14 प्रकरण शासन को “राह वीर योजना” अंतर्गत भेजे गए। इनमें से 4 नागरिकों को मध्यप्रदेश शासन द्वारा “राह वीर” के रूप में सम्मानित करते हुए प्रशंसा पत्र एवं ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। राह वीरों को सम्मानित करवाने में भी देवास जिला प्रदेश में प्रथम रहा।
*पीएम राहत योजना से 200+ घायलों को मिला जीवनदान*
सड़क दुर्घटना में घायल कई नागरिक आर्थिक तंगी के कारण समय पर बेहतर उपचार नहीं प्राप्त कर पाते। ऐसे में प्रधानमंत्री राहत योजना अंतर्गत दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को ₹1.5 लाख तक का निशुल्क उपचार उपलब्ध करवाया जाता है।
देवास जिले द्वारा इस महत्वाकांक्षी योजना का अत्यंत प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए मात्र दो माह के भीतर 200 से अधिक घायलों का निशुल्क उपचार करवाया गया, जिनमें से 150 से अधिक घायल पूर्णतः स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं।
*हिट एंड रन योजना में 68 परिवारों को मिली 61 लाख की राहत राशि*
ऐसे सड़क हादसे जिनमें दुर्घटना करने वाला वाहन अज्ञात रहता है, उनमें पीड़ित परिवारों को बीमा अथवा अन्य आर्थिक सहायता नहीं मिल पाती। ऐसे मामलों के लिए शासन द्वारा “हिट एंड रन योजना” संचालित की जा रही है, जिसके अंतर्गत घायल को ₹50,000 एवं मृतक के परिवार को ₹2 लाख तक की राहत राशि प्रदान की जाती है।
देवास पुलिस द्वारा वर्ष 2022 से 2026 के मध्य हिट एंड रन के कुल 130 प्रकरण चिन्हित कर उनका प्रभावी निराकरण कराया गया, जिसके परिणामस्वरूप अब तक 68 पीड़ित परिवारों को लगभग ₹61 लाख की रिकॉर्ड राहत राशि उनके खातों में दिलवाई जा चुकी है। राहत राशि दिलाने में देवास जिला प्रदेश में प्रथम रहा।
पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद ने बताया कि सड़क सुरक्षा हेतु जिले में “360 डिग्री रोड सेफ्टी मॉडल” पर कार्य किया जा रहा है। जहाँ एक ओर प्रत्येक दुर्घटना का वैज्ञानिक एवं विश्लेषणात्मक अध्ययन कर भविष्य में दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शासन की समस्त सड़क सुरक्षा योजनाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि “मृत्यु में कमी केवल आँकड़े नहीं हैं, बल्कि वे भाई, पिता, पुत्र और परिजन हैं जो आज जीवित हैं और अपने परिवार की मुस्कान बने हुए हैं। मात्र 8 माह में 68 परिवारों को ₹61 लाख की राहत राशि दिलाना पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।”
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने बताया कि प्रति माह आयोजित रोड सेफ्टी बैठकों को औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए विश्लेषणात्मक एवं लक्ष्य उन्मुख बनाया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम आज सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि हिट एंड रन योजना के शेष 62 प्रकरणों में भी शीघ्र राहत राशि प्रदान करवाई जाएगी तथा राह वीर योजना के लंबित प्रस्तावों में भी जल्द प्रोत्साहन राशि स्वीकृत करवाई जाएगी।
Post Views: 47


